5
(1)

@ भागलपुर में मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत शिविर का किया निरीक्षण, विक्रमशिला सेतु पर 1 अक्टूबर से नए निर्माण का संकेत।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बाढ़ की त्रासदी के बीच भागलपुर के पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित राहत शिविर में उस समय माहौल कुछ सहज हो गया, जब मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से उनकी ही अंगिका बोली में संवाद शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री ने शिविर में रह रहे लोगों से भोजन की व्यवस्था के बारे में पूछते हुए कहा – ‘खाना ठीक लगय छै न…’ मुख्यमंत्री का यह स्थानीय अंदाज शिविर में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
बिहार के मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भागलपुर स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में संचालित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। दोनों नेताओं ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही राहत और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान शिविर में रह रहे प्रभावित परिवारों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में मौजूद बाढ़ पीड़ितों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अंगिका में बातचीत करते हुए उन्होंने भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी लोगों की राय जानी।


भागलपुर की लाइफलाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु को लेकर भी मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक अक्टूबर को बेली ब्रिज हटाया जाएगा और इसके बाद नए सिरे से निर्माण कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी से पहले विक्रमशिला सेतु पर आवागमन फिर से सुचारू रूप से चालू हो जाएगा। सेतु को लेकर लंबे समय से परेशानी झेल रहे भागलपुर और आसपास के लोगों के लिए मुख्यमंत्री का यह बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एयरपोर्ट पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
भागलपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का भागलपुर हवाई अड्डे पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। सांसद, जिले के सभी विधायक तथा बड़ी संख्या में जुटे एनडीए कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का स्वागत किया।
इस अवसर पर बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग तथा सूचना प्रावैधिकी विभाग के मंत्री-सह-भागलपुर के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा सहित पूर्वी क्षेत्र भागलपुर के पुलिस महानिरीक्षक, जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: