


दुकानदार की पिटाई, गोलीबारी से बाजार में दहशत
भागलपुर । भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार में सोमवार देर शाम बाइक सवार अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। हथियारबंद बदमाशों ने बाजार में मारपीट और फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भय व्याप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार एक बाइक पर सवार दो अपराधी बलाहा हनुमान मंदिर के समीप पहुंचे और वहां चाट एवं नाश्ते की दुकान चलाने वाले दुकानदार के साथ बेरहमी से मारपीट करने लगे। पीड़ित दुकानदार की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के बलाहा निवासी सिकंदर सिंह के पुत्र गौतम भारती के रूप में हुई है।
पीड़ित ने भवानीपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि अपराधियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके ठेले पर रखे सामान को बर्बाद कर दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल तान दी और थ्रीनट के बट से उसके सिर पर हमला कर घायल कर दिया। घटना सोमवार रात करीब 9:20 बजे की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं मधुरापुर बाजार के स्वर्ण चौक पर भी दो बाइक सवार बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। एक कपड़ा व्यवसायी ने अपराधियों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि इस मामले में खबर लिखे जाने तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी।
घटना के बाद बाजार के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में काफी दहशत है। लोगों का कहना है कि अपराधियों ने खुलेआम हथियार लहराकर पुलिस को चुनौती दी है।
इस संबंध में भवानीपुर थाना अध्यक्ष शुभम कुमार ने बताया कि पीड़ित दुकानदार का आवेदन प्राप्त हुआ है। अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।













