5
(5)

पिछले वर्ष 45 घाटों पर थी व्यवस्था, इस बार बढ़ाकर 65 की गई संख्या; साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और पानी की उपलब्धता पर विशेष जोर

पूर्णिया। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को महापौर विभा कुमारी ने नगर निगम की टीम के साथ शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूर्णिया सिटी स्थित छठ घाट, गुलाबबाग पुराना सिनेमा रोड स्थित छठ घाट, दमका नहर, गुलाबबाग आरडी-87, रानीबाड़ी नहर और पंचटकिया नहर सहित कई घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगर निगम प्रशासन छठ महापर्व की पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पूरी तरह गंभीर एवं प्रतिबद्ध है। पूर्व के वर्षों की तरह इस वर्ष भी व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष नगर निगम की ओर से लगभग 45 छठ घाटों पर व्यवस्था की गई थी, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़ाकर 65 कर दी गई है।

महापौर ने बताया कि सभी 65 घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, निगरानी के लिए वॉच टावर और घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को आवागमन योग्य बनाने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है।

नहरों में पानी की उपलब्धता के लिए हो रही विशेष व्यवस्था

महापौर ने बताया कि जिन नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है, वहां नगर निगम की ओर से विशेष व्यवस्था की जा रही है। दमका नहर, गुलाबबाग आरडी-87, रानीबाड़ी नहर और पंचटकिया नहर सहित अन्य स्थानों पर बोरिंग कराकर पानी भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसका उद्देश्य छठ व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देना है।

उन्होंने बताया कि सभी छठ घाटों के साथ-साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता से जुड़े ध्वनि संदेश और छठ पूजा के पारंपरिक गीतों के प्रसारण की भी व्यवस्था की गई है। इससे श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश मिलेंगे और पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान किसी भी व्रती या श्रद्धालु को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने नगर निगम परिवार के सभी सदस्यों से भी महापर्व को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की।

उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्रतिबद्धता है कि सभी घाटों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि छठ व्रती पूरी श्रद्धा, आस्था और पवित्रता के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

निरीक्षण में ये लोग रहे मौजूद

महापौर के साथ निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद गुलाब हुसैन, जितेंद्र यादव, पार्षद प्रतिनिधि मनोज साह, पूर्व वार्ड पार्षद पप्पू पासवान, विकास चौरसिया, जितेंद्र शर्मा, भरत पोद्दार, संजय सिंह, मुरारी झा, दिलीप चौधरी, नीतू दा, रूफी तबरेज़, नगर निगम कर्मी भूपेंद्र यादव, दुर्गेश झा सहित कई स्थानीय एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 5

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: