


पूर्णिया। भारतीय जनता युवा मोर्चा एवं भाजपा महिला मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को शहर में नारीशक्ति के सम्मान और अधिकारों को लेकर विरोध मार्च निकाला गया। यह कार्यक्रम संसद में प्रस्तुत “नारीशक्ति वंदन अधिनियम विधेयक” के समर्थन तथा विपक्ष द्वारा कथित बाधा के विरोध में राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आयोजित किया गया।
महिला कॉलेज से निकले इस मार्च में बड़ी संख्या में महिला एवं युवा कार्यकर्ताओं ने काला पट्टा बांधकर भाग लिया और नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने महिलाओं के अधिकारों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई।
इस दौरान पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के एक कथित बयान को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। महिला मोर्चा की सदस्याओं ने एक स्वर में बयान की निंदा करते हुए इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया और संबंधित जनप्रतिनिधि से सार्वजनिक माफी की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपनी भाषा और विचारों में मर्यादा का पालन करना चाहिए। महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की घटनाएं दोहराई जाती हैं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
विरोध मार्च में महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष सरिता रॉय, भाजपा जिला प्रवक्ता अनिता कुमारी, तारा शाह, वीणा सूद, जिला उपाध्यक्ष आरती जायसवाल, इंदु सिंह, महामंत्री सोनिका पाहूजा, नीतू सिंह, पिंकी गुप्ता, पिंकी सिन्हा, ललिता गुप्ता, वीणा मंडल, रूमा दास सहित कई महिला पदाधिकारी मौजूद रहीं।
वहीं युवा मोर्चा की ओर से जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम संयोजक मंजीत कुमार, सुदर्शन मिश्रा, सुमित गौतम, महामंत्री रितेश सिंह, विक्की गोस्वामी, सूरज शाह, सत्यम श्रीराम, मोहित भट्ट, संतोष राय, प्रकाश दास, दिलीप ठाकुर, अभ्यम लाल, हरि दास, मिथुन दास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि नारीशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
















