


पटना । बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में 33वीं बिहार राज्य सीनियर बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता 13 से 14 सितंबर तक छत्रधारी इंटर विद्यालय, दलसिंहसराय में तथा महिला वर्ग की प्रतियोगिता 15 से 16 सितंबर तक गांधी मैदान, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) में आयोजित होगी। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर एवं राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने बताया कि राज्य सीनियर पुरुष बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप को सफल बनाने के लिए समस्तीपुर जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव विनोद राय की देखरेख में तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, महिला वर्ग की प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर पूर्वी चंपारण जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव दीपक सिंह कश्यप के नेतृत्व में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
मान्यता प्राप्त जिलों और संस्थानों की टीमें लेंगी हिस्सा
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि चैंपियनशिप में बिहार बॉल बैडमिंटन संघ से मान्यता प्राप्त सभी जिलों एवं संस्थानों की टीमों को हिस्सा लेने की अनुमति दी जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

राज्य चैंपियनशिप का आयोजन लीग-कम-नॉकआउट आधार पर राष्ट्रीय नियमों के अनुसार किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रतिस्पर्धी मुकाबले खेलने का अवसर मिलेगा और बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का आकलन किया जा सकेगा।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चुनी जाएगी बिहार टीम
राज्य सीनियर बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप इस बार खिलाड़ियों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने बताया कि चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर बिहार की पुरुष एवं महिला बॉल बैडमिंटन टीम का चयन किया जाएगा।
चयनित बिहार टीम आगामी 24 से 28 सितंबर तक आंध्र प्रदेश के तिरुपति में आयोजित होने वाली 72वीं सीनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के मुकाबले होंगे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। संघ की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के साथ-साथ खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
















