


पूर्णिया : सांसद पप्पू यादव के निर्देश पर रुपौली प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मोहनपुर, कांप, भौवा परवल, जंगल टोला, टिकापटी, कोयली सिमराहा पंचायत, सपाहा, सोहरा दियारा, डुमरी आश्रम टोला एवं डुमरी सहित कई क्षेत्रों में बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

बाढ़ के कारण कई परिवारों को भोजन, आवागमन और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहत अभियान से जुड़े लोगों ने बताया कि सांसद के मार्गदर्शन में लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना प्राथमिकता है। जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाने का यह सिलसिला बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक लगातार जारी रखने का प्रयास किया जा रहा है।
















