


यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर तैयारियों का लिया जायजा, बाबूपुर घाट से तीन दिनों के लिए कार्गो परिचालन स्थगित
भागलपुर। विक्रमशिला पुल पर आवागमन बंद होने के मद्देनजर आम लोगों की सुविधा और सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने जाह्वी चौक सहित जिले के विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिले के सभी संबंधित वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने बियाडा घाट, बरारी घाट, सबौर स्थित बाबूपुर घाट तथा नवगछिया स्थित जहान्वी चौक घाट सहित अन्य संबंधित घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों के आवागमन, फेरी सेवा, कार्गो परिचालन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से ली।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। घाटों पर यात्रियों के आवागमन से लेकर भीड़ प्रबंधन तक की व्यवस्था व्यवस्थित रखी जाए, ताकि पुल बंद होने के बाद लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बियाडा घाट पर यात्री फेरी सेवा की तैयारियों का जायजा
निरीक्षण के दौरान बियाडा घाट पर संचालित की जाने वाली यात्री फेरी सेवा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से फेरी सेवा के संचालन, यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि फेरी सेवा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
जहान्वी चौक घाट पर भी व्यवस्थाओं की जांच
नवगछिया स्थित जहान्वी चौक घाट पर भी जिलाधिकारी ने यात्रियों के आवागमन के लिए की गई तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर उपलब्ध सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि यात्रियों के आवागमन को व्यवस्थित रखने के साथ भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।
बरारी घाट पर स्थायी सुधार कार्य का भी निरीक्षण

जिलाधिकारी ने बरारी घाट का भी निरीक्षण किया। वहां स्थायी सुधार कार्य चलने के कारण उत्पन्न स्थिति और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली।
बाबूपुर घाट से कार्गो परिचालन तीन दिनों के लिए स्थगित
गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए सबौर स्थित बाबूपुर घाट से होने वाले कार्गो परिचालन को फिलहाल तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, तीन दिनों के बाद गंगा नदी के जलस्तर और मौजूदा परिस्थितियों का पुनः आकलन किया जाएगा। स्थिति अनुकूल पाए जाने पर बाबूपुर घाट से कार्गो सेवा दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।
घाटों पर मेडिकल कैंप और जीविका दीदी की रसोई
यात्रियों की सुविधा के लिए घाटों पर विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें मेडिकल कैंप, जीविका दीदी की रसोई, नियंत्रण कक्ष, प्रशासनिक प्रतिनिधियों की प्रतिनियुक्ति, आपदा मित्र और पुलिस बल की उपलब्धता शामिल है। जिलाधिकारी ने इन सभी व्यवस्थाओं का स्थल पर निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली।
डीएम ने अधिकारियों को दिए भीड़ प्रबंधन के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि फेरी सेवा के संचालन के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक पदाधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। यात्रियों के आने-जाने को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था लगातार प्रभावी रखी जाए।
उन्होंने वैकल्पिक यातायात मार्गों और संबंधित घाटों पर यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने का भी निर्देश दिया। प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी स्थिति में यात्रियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल व्यवस्था में बदलाव किया जाए।
जिला प्रशासन ने पूरी की आवश्यक तैयारियां
जिला प्रशासन के अनुसार, विक्रमशिला पुल पर आवागमन बंद होने के मद्देनजर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घाटों और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय
यात्रियों की सहायता और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को नियंत्रण कक्ष के रूप में कार्यरत रखा जाएगा। किसी भी प्रकार की समस्या, आवश्यक जानकारी अथवा सुझाव के लिए यात्री जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल-फ्री नंबर 0641-2402871 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों ने घाटों पर की गई तैयारियों और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। स्थल निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने तैयारियों को संतोषजनक और निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
















