


पूर्णिया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को हुए मतदान को लेकर भाजपा की जिलामंत्री नूतन गुप्ता ने उत्साह व्यक्त किया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार बंगाल की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
नूतन गुप्ता ने कहा कि पहले चरण में जिस तरह से बड़ी संख्या में मतदाता घरों से निकलकर मतदान कर रहे हैं, वह “रिकॉर्ड तोड़” है। उन्होंने इसे सत्ता विरोधी लहर और भाजपा के प्रति बढ़ते जनसमर्थन का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है, जो जनता के उत्साह को दर्शाता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में भाजपा की लहर है और पार्टी 200 से अधिक सीटें जीतकर इतिहास रचेगी। साथ ही उन्होंने सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब तुष्टिकरण की राजनीति से ऊब चुकी है और विकास के मुद्दों पर मतदान कर रही है।
भाजपा जिलामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की नई दिशा मिली है और बंगाल की जनता भी उसी मॉडल को अपनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिलों, विशेषकर पूर्णिया के कार्यकर्ताओं में भी चुनाव को लेकर खासा उत्साह है।
उन्होंने यह भी कहा कि मतदान के दौरान कहीं-कहीं से हिंसा की खबरें जरूर आई हैं, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। भाजपा खेमे में इस भारी मतदान को अपने पक्ष में “साइलेंट वेव” के रूप में देखा जा रहा है।
















