


पूर्णिया। शहर के आरएन साह चौक स्थित बाबू वीर कुंवर सिंह स्मारक पर विजय उत्सव के अवसर पर विधायक विजय खेमका ने स्मारक समिति के सदस्यों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी पहुंचकर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि 80 वर्ष की आयु में भी वीर कुंवर सिंह ने अंग्रेजों के खिलाफ अद्भुत साहस और वीरता का परिचय दिया, जो आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि स्मारक का सौंदर्यीकरण विधायक निधि से कराया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद रख सकें।
विधायक ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में नारी शक्ति के योगदान को याद करते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे ऐतिहासिक विधेयक का विरोध कर महागठबंधन ने महिलाओं का अपमान किया है। साथ ही, विपक्षी नेताओं द्वारा महिलाओं पर दिए गए विवादित बयानों को उन्होंने उनकी “घृणित मानसिकता” का परिचायक बताया।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नारी सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है और आने वाले समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम में दिनकर स्नेही, गोपाल शर्मा, अर्जुन कुमार तिवारी, पीयूष कुमार सिंह, गोपाल सिन्हा, मिथिलेश पोद्दार, सोनू सिंह, उपेंद्र महलदार, नरेंद्र कुमार सिंह, अरुण कुमार वर्मा, अजीत सिन्हा, सम्राट कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
















