


रंगरा (भागलपुर)। रंगरा स्थित तेजनारायण उच्च विद्यालय परिसर से डिग्री कॉलेज को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के विरोध में मंगलवार को आंदोलन और तेज हो गया। ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया तथा बाद में आक्रोश मार्च निकालकर स्थानांतरण के फैसले का विरोध जताया।
धरना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि डिग्री कॉलेज का संचालन पूर्व निर्धारित स्थल तेजनारायण उच्च विद्यालय परिसर से ही किया जाए। उनका कहना था कि कॉलेज के लिए भवन निर्माण एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद इसका स्थानांतरण किया जाना क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के हितों के विपरीत है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कॉलेज के स्थानांतरण से रंगरा प्रखंड के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस निर्णय को तत्काल वापस लिया जाना चाहिए, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
धरना समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने आक्रोश मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थानांतरण आदेश वापस लेने की मांग की।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कॉलेज का स्थानांतरण रद्द नहीं किया गया तो चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि अगले दिन से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक शामिल होंगे।
धरना-प्रदर्शन में आशुतोष सिंह, जिम्मी ठाकुर, राजन ठाकुर, अनुज चौरसिया, रुद्राणी, सियाराम मंडल, अनुराग आर्य, मोहम्मद फारुख, मोहम्मद हाकिम, सिकंदर मंडल, गुलशन झा, आनंद सिंह, प्रियतोष सिंह, राजेश शर्मा, चितरंजन शर्मा, पंकज जायसवाल, जयप्रकाश मंडल, डब्लू ठाकुर, शंकर शर्मा, मो. असलम, आशीष मंडल, दिवाकर सिंह, बंटी ठाकुर, राकेश ठाकुर, विनोद ठाकुर, गोरे ठाकुर, लालू ठाकुर, अनिल ठाकुर, राजा जायसवाल, भरत भूषण गणपति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे।
















