


प्रदीप विद्रोही
सुल्तानगंज। श्रावणी मेला-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने को लेकर सुल्तानगंज में प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें मेले की हर व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सभी अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और मेला प्रबंधन से जुड़े कर्मी शामिल हुए।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, विधि-व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, आपदा प्रबंधन और सूचना तंत्र को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, यातायात नियंत्रण को प्रभावी बनाने, गश्ती दलों को सक्रिय रखने और पुलिस बल की रणनीतिक तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों का व्यवहार सहयोगात्मक और संवेदनशील होना चाहिए।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने श्रावणी मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
















