


प्रदीप विद्रोही
सुल्तानगंज। श्रावणी मेले में हर साल उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इस बार सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन नए स्वरूप में नजर आएगा। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने 30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेला-2026 के लिए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सबसे बड़ी सौगात अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बना 12 मीटर चौड़ा नया फुटओवर ब्रिज (एफओबी) है, जिसे 30 जुलाई से यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।
श्रावण मास में उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने वाले कांवरियों की यात्रा का पहला प्रमुख पड़ाव सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन होता है। ऐसे में इस बार रेलवे ने स्टेशन पर भीड़ के दबाव को कम करने और यात्रियों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने पर विशेष जोर दिया है।
मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के निर्देश पर सभी विभागों ने संयुक्त कार्ययोजना तैयार की है। मेले की अवधि में स्टेशन पर वरिष्ठ अधिकारियों की प्रतिदिन तैनाती रहेगी। प्रदीप दास को श्रावणी मेला-2026 का समन्वयक अधिकारी और अमर कुमार को मेला अधिकारी बनाया गया है।
रेलवे ने स्टेशन पर 24 घंटे संचालित होने वाला बहु-विभागीय वार रूम बनाया है। सीसीटीवी निगरानी को मजबूत किया गया है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं। होल्डिंग एरिया, चिकित्सा शिविर, “मे आई हेल्प यू” काउंटर, अतिरिक्त टिकट काउंटर और विशेष सूचना केंद्र भी तैयार किए गए हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, छत के पंखे, स्वच्छ प्रतीक्षालय और साफ-सुथरे शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, फुटओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले श्रावणी मेले के दौरान वरिष्ठ अधिकारी रोजाना व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।
















