


लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश
नवगछिया। भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ने गुरुवार को नवगछिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नवगछिया ने उन्हें पौधा भेंट कर स्वागत किया। निरीक्षण के समय एसपी, एसडीपीओ, अनुमंडल पदाधिकारी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों, पंजियों एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों के संधारण एवं अद्यतन स्थिति का अवलोकन करते हुए लंबित कांडों, गंभीर आपराधिक मामलों तथा अनुसंधान की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आईजी ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण में तेजी लाने, गंभीर घटनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निष्पादन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने पर भी बल दिया।
बैठक में आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आईजी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रमुख मार्गों एवं घाटों पर पुलिस व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
















