


पटना ले जाकर दुष्कर्म और मंदिर में शादी करने का लगाया गया था आरोप, नाबालिग को पुलिस पहले ही कर चुकी है बरामद
नवगछिया। नाबालिग के अपहरण और पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामले में नवगछिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पटना जिला के सबलपुर निवासी सोनू कुमार और राकेश साह की पत्नी बबीता देवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बबीता देवी गिरफ्तार आरोपित सोनू कुमार की मां है।

पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी 2026 को पीड़िता की ओर से नवगछिया थाना में आवेदन दिया गया था। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि 9 फरवरी को सोनू कुमार नाबालिग को शादी की नीयत से अपहरण कर पटना ले गया। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया कि पटना ले जाने के बाद नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया गया तथा मंदिर में शादी कर उसे पटना स्थित अपने घर पर रखा गया।
शिकायत के आधार पर नवगछिया थाना में कांड संख्या 61/26 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2)/96 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4/6 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग को पूर्व में ही बरामद कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में नामजद आरोपित सोनू कुमार और उसकी मां बबीता देवी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। अनुसंधान के दौरान मिली जानकारी के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों से मामले को लेकर आवश्यक पूछताछ की और कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















