
@ अलीगंज में 4-5 राउंड फायरिंग से मची अफरा-तफरी, पत्नी ने पहले ही थाने में दी थी विवाद की शिकायत।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। जमीन का विवाद इतना बढ़ा कि रिश्तों का खून बह गया। बबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज चौक स्थित कबीर आश्रम के पास बड़े भाई नंदू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी ने अपने देवर पर हत्या करने का आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक की पत्नी का दावा है कि कुछ दिन पहले भी विवाद को लेकर उन्होंने बबरगंज थाने में आवेदन दिया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब इस पुराने आवेदन को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जिला मुख्यालय डीएसपी मोहम्मद अयूब ने बताया कि घटनास्थल पर चार से पांच राउंड गोली चलने की सूचना है। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच का अहम पहलू यह भी है कि मृतक की पत्नी की पूर्व शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई थी।















