
उजड़े घर और छिने आंगन का दर्द दिल में लिए खुले आसमान के नीचे महापर्व की तैयारी में जुटे विस्थापित परिवार, काश पर सूती कपड़ा बिछाकर गंगाजल से धोया जा रहा प्रसाद का गेहूं
गोपालपुर। गंगा की प्रचंड लहरों ने आशियाना उजाड़ दिया, घर-आंगन छीन लिया और परिवारों को बेघर कर दिया, लेकिन छठी मैया के प्रति उनकी आस्था को नहीं डिगा सकीं। जिंदगी की कठिन परिस्थितियों और बेघर होने के दर्द के बीच भी लोक आस्था के महापर्व छठ को मनाने का उत्साह कम नहीं हुआ है। इसकी अनूठी तस्वीर इस्माइलपुर-बिंद टोली तटबंध पर देखने को मिल रही है। यहां विस्थापित परिवार खुले आसमान के नीचे रहकर ही छठ महापर्व की तैयारियों में जुट गए हैं।
शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ हो गया। एक ओर शहर और गांवों में छठ घाटों को सजाया जा रहा है तथा बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर चहल-पहल है, वहीं दूसरी ओर इस्माइलपुर-बिंद टोली तटबंध पर बसे विस्थापित परिवारों के लिए छठ की तैयारी संघर्ष, संकल्प और अटूट श्रद्धा की कहानी बन गई है।

गंगा के कटाव में अपना घर गंवा चुके इन परिवारों के पास न तो अपना आंगन बचा है और न ही पूजा की तैयारी के लिए कोई स्थायी स्थान। इसके बावजूद व्रतियों ने तटबंध पर ही छठ की तैयारी शुरू कर दी है। काश बिछाकर उसके ऊपर साफ सूती कपड़ा रखा गया है। इसी पर खरना और ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद तैयार करने के लिए गेहूं को गंगाजल से धोकर सुखाया जा रहा है। घर की दीवारें नहीं हैं, आंगन नहीं है, लेकिन छठ की परंपरा और पवित्रता बनाए रखने का संकल्प अडिग है।
इस कठिन परिस्थिति में भी व्रतियों के चेहरे पर आस्था और विश्वास की झलक दिखाई दे रही है। व्रती आशा देवी कहती हैं, “छठी मैया जो परीक्षा लेंगी, उसे देने के लिए तैयार हैं। जब तक जान है, यह व्रत नहीं छोड़ेंगे।”
तटबंध पर छठ की तैयारी कर रहे विस्थापित परिवारों की यह तस्वीर जीवन के संघर्ष और आस्था की गहराई को बयां करती है। जिन लोगों से गंगा ने उनका आशियाना छीन लिया, उन्होंने भी अपनी परंपरा और विश्वास को नहीं छोड़ा। उनके लिए छठ केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी उम्मीद, धैर्य और आत्मबल के साथ आगे बढ़ने का संकल्प है।

इस्माइलपुर-बिंद टोली तटबंध पर छठ की यह तैयारी समाज को यह संदेश दे रही है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, सच्ची आस्था और परंपराओं के प्रति समर्पण को डिगाना आसान नहीं है।















