
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। चुनावी जीत का आशीर्वाद रुद्राक्ष में छिपा है या बटुए में, यह तो दोनों माननीय ही जानें! लेकिन भागलपुर की सियासी गलियों में इन दिनों मंत्री जी के रुद्राक्ष और विधायक जी के बटुए की चर्चा जरूर दिलचस्पी पैदा कर रही है। सवाल भी मौजूं है – राजनीति में सफलता के लिए जनसेवा जरूरी है या गले में लटका कोई खास इंतजाम भी काम आता है? वैसे, रुद्राक्ष और बटुआ, दोनों ही अपने-अपने धारणकर्ताओं के लिए फायदेमंद साबित हुए। मुरारी ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की, तो शैलेन्द्र को भी बड़ी जीत मिली और उसके बाद मंत्री पद भी।

जिले में दो विधानसभा सीटें हैं – बिहपुर और पीरपैंती। दोनों पर भाजपा के विधायक हैं। इनमें एक सूबे के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र हैं और दूसरे विधायक मुरारी पासवान। दोनों के गले में चुनावी दौर से चला आ रहा एक-एक ऐसा साथी मौजूद है, जिसने लोगों की उत्सुकता बढ़ा रखी है।
मंत्री जी के गले में दर्जन भर रुद्राक्ष, अंगुलियों में रत्न!
मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र लंबे अरसे से गले में करीब दर्जन भर रुद्राक्ष की मालाएं धारण किए हुए हैं। वहीं, ग्रह-नक्षत्रों को अपने पक्ष में करने के लिए उन्होंने दाएं हाथ की चार अंगुलियों में रत्न भी धारण कर रखे हैं। मानो राजनीति की गहमागहमी और तपती धूप में रुद्राक्ष और रत्न ही उनका स्थायी सुरक्षा कवच हों!
ज्योतिष और आध्यात्मिक मान्यताओं में रुद्राक्ष को मन की शांति, एकाग्रता और सकारात्मकता से जोड़कर देखा जाता है। धार्मिक मान्यता यह भी है कि रुद्राक्ष भगवान शिव के आंसुओं से उत्पन्न हुआ था। लेकिन सियासत का गणित भी बड़ा विचित्र है। चुनाव के समय जीत का सेहरा बंधा, तो रुद्राक्ष और रत्नों की महिमा पर खूब चर्चा हुई। मगर अब सवालों का दौर है, तो माला की मौजूदगी के बावजूद विवादों की आहट सुनाई दे रही है।
हाल के दिनों में मंत्री जी की कुछ टिप्पणियों को लेकर विवाद सामने आए हैं। एक महिला नेत्री के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। वहीं, बाढ़ और कटाव की समस्या को लेकर भी स्थानीय स्तर पर खूब सवाल उठे। एक सरपंच ने कटाव की समस्या को लेकर मंत्री जी को घेरा। विवादों का सिलसिला यहीं नहीं थमा। विक्रमशिला सेतु और कहलगांव के पास एनएच-80 पर स्थित कोवा नाला पुल को लेकर भी मंत्री जी की खिंचाई जारी है। अब ऐसे में सवाल तो बनता है कि माला में यदि मन की शांति और सकारात्मकता का पूरा पैकेज है, तो सियासी बयानबाजी में सावधानी का अतिरिक्त कवच अलग से क्यों नहीं मिलता? हालांकि, रुद्राक्ष धारण करना आस्था का विषय है; विवादों से बचने का कोई प्रमाणित राजनीतिक बीमा नहीं।
विधायक जी का बटुआ: कैसा टोटका, रहस्य बरकरार?
दूसरी ओर, पीरपैंती के भाजपा विधायक मुरारी पासवान के गले में लटका बटुआ भी लोगों के कौतूहल का विषय बना हुआ है। भगवा रंग, गले में बटुआ और राजनीति का मैदान – तीनों का यह मेल आखिर क्या संदेश देता है? यह आस्था का प्रतीक है, व्यक्तिगत पसंद है या कोई निजी परंपरा? वैसे, कहा जाता है कि ऐसे बटुए का उपयोग तुलसी की माला रखने के लिए होता है। फिलहाल, नेता जी के बटुए में क्या है, यह किसी को पता नहीं।
इस बटुए के पीछे की कहानी फिलहाल रहस्य के पर्दे में है। विधायक जी इसे क्यों धारण करते हैं, इसके पीछे कोई धार्मिक मान्यता है या महज व्यक्तिगत वजह – इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। अब विधायक जी के इस बटुए में क्या है, यह तो वही बता सकते हैं। लेकिन जनता के मन में सवालों का बटुआ जरूर खुल गया है! लोग पूछने लगे हैं कि विधायक जी अब तक विकास की कितनी लकीरें खींच पाए हैं!















