5
(1)

@ कुतुबगंज में बाइक सवार बदमाशों ने सिर के पीछे मारी दो गोलियां, वारदात के बाद इलाके में तनाव, पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज में शुक्रवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने भारतीय जनता पार्टी के श्रीनारायण साह मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। बाइक सवार दो बदमाशों ने बेहद करीब से उनके सिर के पीछे दो गोलियां मारीं और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।


गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। परिजन और स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल उमा भूषण तांती को तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में उनके सिर में दो गोलियां लगने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि उमा भूषण तांती रोज की तरह शुक्रवार सुबह जनसंपर्क के लिए घर से निकले थे। रास्ते में कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें आगामी गणेश पूजा के चंदे और सहयोग को लेकर बातचीत के लिए रोका था। बातचीत खत्म होने के बाद जैसे ही वे आगे बढ़े, तभी बाइक सवार दो अपराधी पहुंचे और पीछे से उनके सिर में गोली मार दी।
उमा भूषण तांती छह भाइयों में सबसे बड़े थे और सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे। स्थानीय स्तर पर भाजपा के जनाधार को मजबूत करने में भी उनकी भूमिका बताई जा रही है।
काली मंदिर निर्माण को लेकर विवाद का जिक्र
परिजनों ने हत्या के पीछे कुतुबगंज में काली मंदिर निर्माण और समिति के अध्यक्ष पद को लेकर चल रही कथित तनातनी को वजह बताया है। परिजनों ने पूर्व पार्षद शशि मोदी और उनके भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है।
परिजनों का दावा है कि पूर्व पार्षद ने उमा भूषण को ‘देख लेने’ की धमकी दी थी, जबकि कृष्णा मोदी पर सार्वजनिक रूप से ‘जिंदा नहीं छोड़ेंगे’ कहने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष की हत्या के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लिया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। पुलिस टीम संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बबरगंज थानाध्यक्ष के अनुसार, परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी और मानवीय स्रोतों से भी जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के नगर विधायक रोहित पांडेय मायागंज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। विधायक ने वरीय पुलिस अधिकारियों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली और त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया।
इधर, अस्पताल परिसर में भाजपा और एनडीए के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए बरारी थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: