


भागलपुर । अकबरनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंगा स्नान के लिए जा रहे 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़ी भवनाथपुर निवासी परमानंद राय के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, परमानंद राय सुबह गांव के अन्य लोगों के साथ सुल्तानगंज गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान भवनाथपुर के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद भागने का प्रयास कर रहे बाइक चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और अकबरनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, परमानंद राय धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। वे नियमित रूप से गंगा स्नान और भजन-कीर्तन में भाग लेते थे। खेती-किसानी उनका मुख्य पेशा था और गांव में उनका सम्मानित स्थान था।
उनके निधन से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर है। परमानंद राय अपने पीछे दो पुत्र गौरव राय और गौतम राय समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। स्थानीय लोगों ने घटना पर दुख जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
















