
सुप्रसिद्ध गायिका खुशी कक्कड़ सहित पूजा समिति के सदस्य हुए सम्मानित, देर रात तक भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर झूमते रहे श्रद्धालु
पूर्णिया। मधुबनी स्थित काली मंदिर परिसर में शुक्रवार की रात मां काली पूजा समिति की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

उद्घाटन समारोह में मेला समिति के अध्यक्ष पंकज यादव, कोषाध्यक्ष कुंदन यादव, सचिव चंदन यादव, जितेंद्र यादव, आमोद मंडल, राजू मंडल, डॉ. प्रणव कुमार, संतोष यादव, विनोद साह और दिनेश यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान महापौर विभा कुमारी ने सुप्रसिद्ध गायिका खुशी कक्कड़ सहित पूजा समिति के सदस्यों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का सिलसिला शुरू हुआ। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण से सराबोर कर दिया। संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।
इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि मां काली की आराधना शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। पूर्णिया की धरती पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की समृद्ध परंपरा रही है। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मां काली से समस्त पूर्णियावासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। साथ ही लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की सभी व्रतियों एवं नगरवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

वहीं, जितेंद्र यादव ने कहा कि मां काली की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज के लोगों को आपस में जोड़ने और अपनी परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कार्यक्रम की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों का उत्साह और समर्पण सराहनीय है। उन्होंने भी सभी पूर्णियावासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
अंत में महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मां काली पूजा समिति के सभी सदस्यों को बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की।















