5
(2)

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। महात्मा गांधी के नगर आगमन के शताब्दी वर्ष पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह में गांधीजी के विचारों और मूल्यों को स्मरण करने के साथ-साथ उनकी स्मृतियों से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। विशेष रूप से उस ऐतिहासिक स्थल की हर हाल में सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है, जहां महात्मा गांधी ने अपना ऐतिहासिक भाषण दिया था।


यह निर्णय महात्मा गांधी आगमन शताब्दी समारोह समिति की गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र में वरिष्ठ गांधीवादी प्रकाश चंद गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित तैयारी बैठक में लिया गया। बैठक का संचालन कमल जायसवाल और संजय कुमार ने किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शताब्दी समारोह में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज किए जाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि गांधीजी का आगमन अंग प्रदेश के लिए गौरवशाली इतिहास और अमूल्य धरोहर है। इसलिए समारोह में शिक्षकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विद्वानों, पत्रकारों, कलाकारों, युवाओं और महिलाओं की व्यापक भागीदारी आवश्यक है।
बैठक में उपस्थित नागरिकों ने आम लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में समारोह में शामिल होकर अंग प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत और गौरव को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में सहयोग करें।
समारोह में आने वाले अतिथियों के भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं के प्रबंध पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए संयोजकों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
समिति के संयोजक प्रसून लतांत और डॉ. सुधीर मंडल ने बताया कि पिछले छह महीनों से चल रही तैयारियों के कारण देशभर के गांधी विचारधारा से जुड़े लोगों की नजर इस समारोह पर है। उन्होंने कहा कि समारोह के सफल और सार्थक आयोजन की व्यापक उम्मीदें जताई जा रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि समारोह के अवसर पर प्रकाशित होने वाली स्मारिका के लिए देशभर के विद्वानों, लेखकों और शोधार्थियों से गांधीजी पर केंद्रित आलेख तथा शुभकामना संदेश लगातार प्राप्त हो रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि आज भी बेहतर समाज और विश्व निर्माण के लिए अधिकांश लोगों का विश्वास गांधीजी के आदर्शों और मूल्यों में कायम है।
बैठक में कमल जायसवाल, महबूब आलम, मोहम्मद तकी जावेद, मंजर आलम, अमित कुमार अमित, संजय कुमार, नीरज कुमार, डॉ. सुधीर मंडल, गौरव जैन, मोहम्मद जीनी हमीदी, वासुदेव भाई सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: