


सुल्तानगंज को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय धार्मिक शहर का दर्जा: सीएम सम्राट चौधरी
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर । विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का मंगलवार को सुल्तानगंज से भव्य शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधिवत उद्घाटन करते हुए साफ संकेत दिया कि अब यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार की पर्यटन और आर्थिक पहचान को नई ऊंचाई देने का माध्यम बनेगा। उद्घाटन समारोह में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल भी मौजूद रहे। इस वर्ष मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला बिहार की आस्था, संस्कृति और सेवा परंपरा का सबसे बड़ा प्रतीक है। हर साल लाखों कांवरिये सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर लगभग 100 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। उन्होंने इसे दुनिया का अनोखा धार्मिक आयोजन बताते हुए कहा कि बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका सहित कई देशों से श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होने आते हैं।
सुल्तानगंज को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय धार्मिक शहर का दर्जा:
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार सुल्तानगंज को अंतरराष्ट्रीय धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करेगी। इसके तहत गंगा के दोनों किनारों पर आधुनिक घाट बनाए जाएंगे। साथ ही मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर लंबा मरीन ड्राइव तैयार किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और व्यापार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अगुवानी – सुल्तानगंज पुल को 31 दिसंबर 2027 से पहले चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा सुल्तानगंज – अगुवानी के बीच रोपवे, तथा सुल्तानगंज में टू-लेन एयरपोर्ट विकसित करने की योजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं के लिए रिकॉर्ड स्तर की व्यवस्था:
इस बार प्रशासन ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़े पैमाने पर सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। करीब 2,850 बेड की टेंट सिटी तैयार की गई है, ताकि दूर-दराज़ से आने वाले कांवरियों को सुरक्षित और सुविधाजनक ठहराव मिल सके। इसके अलावा सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को भी पहले से अधिक मजबूत बनाया गया है।
आस्था के साथ विकास का संदेश:
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा भोलेनाथ और मां पार्वती के आशीर्वाद से बिहार और देश समृद्धि की राह पर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘समृद्ध बिहार’ के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार धार्मिक पर्यटन को विकास के नए इंजन के रूप में आगे बढ़ा रही है।
इस बार का श्रावणी मेला केवल श्रद्धा का संगम नहीं, बल्कि सुल्तानगंज को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार के उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के माननीय मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल तथा उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने किया। सह-अध्यक्षता बिहार सरकार के पर्यटन विभाग के मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता,विशिष्ट अतिथि के रूप में भागलपुर के प्रभारी मंत्री एवं सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के माननीय मंत्री नीतीश मिश्रा, ऊर्जा विभाग के मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल तथा पथ निर्माण विभाग के माननीय मंत्री कुमार शैलेन्द्र के अलावा कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति के रूप में भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल, बिहार विधान परिषद् के सदस्य डॉ. एन. के. यादव, डॉ. संजीव कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह, सुल्तानगंज के विधायक ललित नारायण मंडल, बांका के सांसद गिरिधारी यादव, कहलगांव के विधायक शुभानंद मुकेश, भागलपुर के विधायक रोहित पाण्डेय, नाथनगर के विधायक मिथुन कुमार यादव तथा पीरपैंती के विधायक मुरारी पासवान भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता रहने की संभावना है।
















