


पूर्णिया । नगर निगम महापौर कार्यालय कक्ष में बुधवार को महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, साफ-सफाई व्यवस्था, जलनिकासी, शहर के सौंदर्यीकरण तथा पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि के साथ हुई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर विकास से जुड़ी सभी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बरसात के मौसम को देखते हुए समिति ने जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कई निर्णय लिए। नगर निगम क्षेत्र के सभी बड़े एवं छोटे नालों की नियमित सफाई कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह तय किया गया कि जहां नालों की सफाई में लापरवाही के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न होगी, वहां संबंधित एजेंसी के भुगतान में कटौती की जाएगी। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्षा के बाद किसी भी क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर जलनिकासी सुनिश्चित की जाए। जिन स्थानों पर नालों का अभाव है और हर वर्ष जलजमाव की समस्या होती है, वहां चैंबर निर्माण कर स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
बैठक में साफ-सफाई व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि शिवम जन स्वास्थ्य एजेंसी का कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक एजेंसी अपने आवंटित वार्डों में पूर्ववत सफाई कार्य जारी रखेगी। साथ ही नगर विकास एवं आवास विभाग से नई निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का आग्रह किया जाएगा। महापौर ने दोनों सफाई एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और नियमित निगरानी के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास योजनाओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, कुमारी खुशबू, स्वपन घोष, प्रदीप जायसवाल, सिटी मैनेजर पवन कुमार, प्रधान सहायक उमेश यादव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
















