


पूर्णिया। जिले के रूपौली प्रखंड में मातृ स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। प्रखंड प्रशासन ने क्षेत्र की सभी गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को एनीमिया मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इसी उद्देश्य से प्रखंड अस्पताल सभागार में प्रसव कक्ष से जुड़ी एएनएम के लिए एफसीएम (FCM) पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नीरज कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी मिथिलेश कुमार एवं सतीश कुमार ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान अस्पताल प्रबंधक विकल कुमार और प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक रंजीत कुमार भी मौजूद रहे। एएनएम चंदा, रुचि एवं सुबंध सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
प्रशिक्षण के दौरान एएनएम को एनीमिया की पहचान, रोकथाम और उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई, ताकि वे जमीनी स्तर पर मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बना सकें। कार्यक्रम में जिला स्तर से आई पिरामल स्वास्थ्य टीम के सदस्य चंदन कुमार एवं याकूब मुजफ्फर ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर एफसीएम के प्रभावी उपयोग, सुरक्षित मातृत्व और एनीमिया नियंत्रण के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रखंड प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस पहल से क्षेत्र में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को एनीमिया से मुक्ति दिलाने में सफलता मिलेगी।
















