


पूर्णिया। सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया ने गुरुवार को पीएचसी श्रीनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला योजना समन्वयक भी मौजूद रहे। निरीक्षण के समय प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, सामुदायिक उत्प्रेरक, प्रखंड लेखपाल, फार्मासिस्ट सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर गहरी चिंता जताई और संबंधित कर्मियों को इसमें तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने लेबर रूम, आईपीडी, ऑपरेशन थिएटर (ओटी), दवा काउंटर, ड्रग स्टोर, एम्बुलेंस सेवा सहित पीएचसी के वर्तमान एवं निर्माणाधीन भवन का विस्तृत निरीक्षण किया। साथ ही निर्माण कार्य में तेजी लाने को लेकर संवेदक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर सिविल सर्जन ने एचपीवी वैक्सीनेशन और स्व-जनगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। बीसीएम को माइक्रोप्लान के अनुसार गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इसके बाद सिविल सर्जन ने एचपीवी टीकाकरण सत्र स्थल के रूप में झुन्नीकला का भी औचक निरीक्षण किया। वहां आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आकांक्षा, सीएचओ सरिता, एएनएम निभा एवं आशा फैसिलिटेटर उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि एक एचपीवी टीकाकरण सत्र पूरा हो चुका है तथा अन्य लाभार्थियों के आने की प्रक्रिया जारी है। इस संबंध में भी सिविल सर्जन ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
















