
भागलपुर। गंगा किनारे बसा सिल्क सिटी भागलपुर अब अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों और प्रतिभाशाली युवाओं की सफलता को लेकर देशभर में पहचान बना रहा है। तकनीकी शिक्षा, कृषि विज्ञान, प्रशासनिक सेवा और खेल के मैदान तक यहां के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिले के विद्यार्थियों की उपलब्धियां शिक्षा और प्रतिभा के क्षेत्र में बदलती तस्वीर पेश कर रही हैं।
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, भागलपुर के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 60 लाख रुपये सालाना का सर्वोच्च पैकेज मिला है। संस्थान के विद्यार्थियों को 161 से अधिक नौकरी के प्रस्ताव मिले, जबकि 130 से अधिक कंपनियों ने परिसर चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। अमेजन और सिस्को जैसी बड़ी कंपनियों में भी यहां के विद्यार्थियों को काम करने का अवसर मिला है।

वहीं, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के 350 से अधिक विद्यार्थियों का चयन बिहार सरकार की विभिन्न सेवाओं में हुआ है। कृषि विभाग के महत्वपूर्ण पदों के अलावा इफको, जीविका और राष्ट्रीयकृत बैंकों में भी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय के एक विद्यार्थी का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में वैज्ञानिक के पद पर हुआ है।
प्रशासनिक सेवा के क्षेत्र में भी भागलपुर के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। राहुल कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 141वीं रैंक, मीमांसा ने 447वीं, श्रेया झा ने 357वीं और चैताली ने 565वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
खेल के मैदान में भी भागलपुर के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। आद्यांश अंश ने राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। वहीं, एलीट बैडमिंटन अकादमी के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल किए। डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने भी कराटे और फुटबॉल में स्वर्ण पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया है।
कुल मिलाकर भागलपुर के युवा शिक्षा से लेकर खेल तक अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफलता की नई इबारत लिख रहे हैं। सिल्क सिटी के इन होनहारों की उपलब्धियां जिले के साथ-साथ पूरे बिहार के लिए गर्व की बात हैं।
इस विषय पर छात्र मंजीत सिंह चौनीत, प्रदीप कुमार चौनीत और छात्रा चानशी श्रीवास्तव ने भी अपनी बात रखी।















