5
(1)

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) में स्नातकोत्तर की पढ़ाई को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पीजी सेमेस्टर-1 के विद्यार्थियों के लिए 33 विषयों में दो क्रेडिट का इंडियन नॉलेज सिस्टम (IKS) वैल्यू एडेड कोर्स शुरू करने के प्रस्ताव पर सिंडिकेट ने अंतिम मुहर लगा दी है।
एकेडमिक काउंसिल से मंजूरी मिलने के अगले ही दिन शुक्रवार को हुई सिंडिकेट की ऑनलाइन बैठक में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। अब जरूरी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विद्यार्थियों को इस कोर्स का लाभ मिल सकेगा। इस वैल्यू एडेड कोर्स के जरिए विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्राचीन शोध पद्धतियों और भारतीय दर्शन के विभिन्न आयामों से परिचित कराया जाएगा। कोर्स को ज्ञानवर्धक के साथ रोजगारोन्मुखी बनाने की भी कोशिश की गई है। प्रभारी कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा के बाद इसे मंजूरी दी गई।


सिंडिकेट की बैठक में संवैधानिक मूल्य एवं मौलिक कर्तव्य विषय पर प्रस्तावित वैल्यू एडेड कोर्स का मुद्दा भी उठा। सिंडिकेट सदस्य डॉ. निर्लेश कुमार ने इस प्रस्ताव पर अब तक हुई प्रगति को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले डॉ. आनंद आजाद ने इस संबंध में कुलपति को आवेदन भी दिया था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आश्वासन दिया कि इस प्रस्ताव पर अगली सिंडिकेट बैठक में गंभीरता से विचार कर निर्णय लिया जाएगा।
ऑनलाइन बैठक को लेकर सदस्यों ने उठाए सवाल
सिंडिकेट की लगातार ऑनलाइन बैठकें भी चर्चा का विषय बनीं। सिंडिकेट सदस्य सह विधान पार्षद डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि प्रभावी संवाद और सार्थक विमर्श के लिए बैठकों का ऑफलाइन आयोजन जरूरी है।
प्रभारी कुलपति प्रो. झा ने भी इस सुझाव पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि अब तक ऑफलाइन बैठकें विश्वविद्यालय मुख्यालय में होती रही हैं, लेकिन विकेंद्रीकरण के तहत बैठक के स्थान में बदलाव होना चाहिए। इसी क्रम में सिंडिकेट सदस्य डॉ. केके मंडल ने अगली बैठक पीबीएस कॉलेज, बांका में आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। बैठक में तय हुआ कि अगली ऑफलाइन बैठक की तारीख और स्थान जल्द निर्धारित किया जाएगा।
सिंडिकेट बैठक के बीच विश्वविद्यालय ने बीलिस सेमेस्टर-1 और एमलिस सेमेस्टर-2 की परीक्षाओं के परीक्षा केंद्र में भी बदलाव किया है। सत्र 2024-25 की इन परीक्षाओं के लिए पहले पीजी इकोनॉमिक्स विभाग को केंद्र बनाया गया था। अब इसे तत्काल प्रभाव से निरस्त कर पीजी पॉलिटिकल साइंस विभाग को नया परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है।
बीलिस सेमेस्टर-1 की परीक्षा 14 सितंबर से, जबकि एमलिस सेमेस्टर-2 की परीक्षा 15 सितंबर से शुरू होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों और केंद्राधीक्षकों को संशोधित परीक्षा केंद्र के अनुसार परीक्षा में शामिल होने का निर्देश दिया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: