
वर्ष 2013 से निभाई जा रही है सेवा की परंपरा, जरूरतमंद व्रतियों को उपलब्ध कराई गई पूजन सामग्री
पूर्णिया। सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव ने इस वर्ष भी लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर हजारों व्रतियों के बीच साड़ी और पूजन सामग्री का वितरण किया। शुक्रवार को शिवनगर, खुश्कीबाग स्थित महापौर आवास पर आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों से पहुंचीं छठ व्रती महिलाओं को साड़ी, नारियल, अगरबत्ती, माचिस सहित अन्य पूजन सामग्री भेंट की गई। इस दौरान महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव ने व्रती महिलाओं से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, विश्वास, पवित्रता, संयम और परंपरा का अनुपम पर्व है। इस पर्व में स्वच्छता, शुद्धता और नियमों का विशेष महत्व है। हमारी पुरानी परंपरा रही है कि छठ का अनुष्ठान करने वाली माताएं-बहनें खरना के दिन नए वस्त्र धारण करती हैं। इसी परंपरा और आस्था को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक वर्ष आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्रतियों को साड़ी और पूजन सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण उनकी आस्था और परंपरा में कोई बाधा नहीं आए।
उन्होंने कहा कि सेवा और सहयोग से बड़ा कोई धर्म नहीं है। यह कोई एहसान नहीं, बल्कि परिवार की माताओं-बहनों के प्रति स्नेह, सम्मान और अपनत्व का भाव है। छठी मैया के आशीर्वाद तथा नगरवासियों के प्रेम और सहयोग से ही इस सेवा कार्य को करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी छठ व्रतियों के चार दिवसीय अनुष्ठान के निर्विघ्न एवं मंगलमय संपन्न होने की कामना करते हुए भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
वहीं, जितेंद्र यादव ने कहा कि वर्ष 2013 से लगातार इस परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। बीच में एक-दो वर्ष निजी कारणों से यह आयोजन नहीं हो सका था, लेकिन जरूरतमंद छठ व्रती महिलाओं की सहायता का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों से पहुंचीं हजारों व्रतियों के बीच साड़ी, नारियल, अगरबत्ती, माचिस सहित अन्य पूजन सामग्री वितरित की गई। इससे जरूरतमंद परिवारों को छठ पूजा की तैयारियों में सहयोग मिलता है। हमारा उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी व्रती छठ महापर्व की परंपरा और विधि-विधान से वंचित न रहे।
पूजन सामग्री प्राप्त करने वाली व्रती महिलाओं ने बताया कि महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव की ओर से प्रत्येक वर्ष छठ पूजा के अवसर पर पूजन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उन्हें काफी सहयोग मिलता है। महिलाओं ने महापौर, जितेंद्र यादव एवं उनके परिजनों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अमित कुमार सोनी, नवल जायसवाल, कृष्ण कुमार पासवान, राकेश राय, ममता सिंह, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि श्रीप्रसाद महतो, राजीव मिश्रा, रहीम अंसारी, अजय मांझी, शंकर यादव, मनोज साह, आमोद मंडल, राजू मंडल, मुरारी झा, विवेका यादव, संजय सिंह, प्रशांत कुशवाहा, दिलीप चौधरी, अजय साह, विकास चौरसिया, शंकर झा, पिंटू सिंह, सुनील शर्मा, धीरज पुगलिया, शंकर महतो सहित सैकड़ों जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।















