
सामाजिक सरोकार के तहत आयोजित कार्यक्रम में फल, पूजन सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं का किया गया वितरण
पूर्णिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर किड्ज़ी जॉनी किड्स एवं माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में छठ पूजा सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 500 जरूरतमंद परिवारों के बीच छठ पूजा में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री वितरित की गई, ताकि सभी परिवार श्रद्धा और उल्लास के साथ महापर्व मना सकें।

वितरित सामग्री में नारियल, ताजा केला, अनानास, सेब, अनार, आलता, सुतनी, सिंदूर, अगरबत्ती, दीपक, तेल, बाती, अरवा चावल, कपूर सहित अन्य आवश्यक पूजन सामग्री शामिल थी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्णिया के श्री रवि प्रकाश देव उपस्थित रहे। उन्होंने लाभार्थियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक त्रिदीप कुमार दास एवं प्रधानाचार्या अम्बरीन खान की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना, सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देना और पर्व की खुशियों को सभी के साथ साझा करना है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में उपस्थित लोगों ने छठी मैया से समाज में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।















